झारखंड के साहिबगंज जिले में हनुमान मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने के बाद तनाव का माहौल, धारा 144 लागू

झारखंड के साहिबगंज शहर में सोमवार को पटेल चौक इलाके के पास एक हनुमान मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने मूर्ति को तोड़ दिया। कथित तौर पर मूर्ति तोड़ने में संलिप्त लोग एक धर्म विशेष के बताए जा रहे हैं। जिसके बाद इलाके में धार्मिक तनाव बना हुआ है। स्थानीय समुदाय के लोगों के बीच पत्थरबाजी और विरोध प्रदर्शन हुआ। मौके पर भरी पुलिस बल तैनात है। स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है।
मीडिया से बात करते हुए साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा, “पटेल चौक के पास एक हनुमान मंदिर है, और असामाजिक तत्वों ने वहां शरारत की है। हमने सीसीटीवी फुटेज बरामद किए हैं और हम इसकी पुष्टि कर रहे हैं। कुछ लोगों की पहचान की गई है और उनसे पूछताछ की जाएगी। इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही एक मंदिर में तोड़फोड़ की बात फैली, दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्य और स्थानीय लोग मंदिर के पास इकट्ठा हो गए और विरोध करना शुरू कर दिया। उन्होंने धरना दिया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा और क्षेत्र में ड्रोन निगरानी शुरू की गई। आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया यह घटना बिहार और बंगाल में रामनवमी समारोह के साथ शुरू हुई हिंसा की घटनाओं के बीच हुई है। बिहार और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में, रामनवमी के जुलूसों के दौरान विभिन्न समूहों के बीच हुई झड़प में वाहनों में आग लगा दी गई थी।
सोमवार शाम को, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में पथराव की एक ताजा घटना की सूचना मिली। जिसके कारण रेलवे को रिशरा रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली सभी स्थानीय और मेल एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं को निलंबित करना पड़ा। बिहार और बंगाल की तरह ही झारखंड में माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है।





