दिल्ली में मेयर चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को दिया एक बड़ा झटका..

दिल्ली में मेयर चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका दिया है। भाजपा की मुस्लिम नेता कौसर जहां को दिल्ली हज कमिटी का अध्यक्ष चुना गया है। कौसर इस पद के लिए चुनाव जीतने वाली दूसरी महिला हैं। दिल्ली सचिवालय में हुए चुनाव में कौसर को 5 कमिटी सदस्यों में से तीन ने वोट दिया।

कमिटी में कुल छह सदस्य हैं, बीजेपी और ‘आप’ से दो-दो सदस्य हैं। मुस्लिम धर्मशास्त्र विशेषज्ञ मोहम्मद साद और कांग्रेस पार्षद नाजिया दानिश भी इसमें हैं। कमिटी सदस्यों में भाजपा के सांसद गौतम गंभीर भी हैं। दिल्ली बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कौसर जहां की जीत से पता चलता है कि मुसलमानों का पार्टी पर भरोसा और विश्वास बढ़ रहा है।
वीरेंद्र सचदेवा ने ट्वीट किया, ‘सुश्री कौसर जहां को दिल्ली हज कमेटी का चेयरमैन चुने जाने पर बधाई। दिल्ली हज कमेटी में भाजपा से जुड़े प्रत्याशी की जीत से साफ़ है अब मुस्लिम समुदाय भी देश के विकास की धारा नरेंद्र मोदी से जुड़ने को आतुर हैं।’
कौसर को तीन वोट मिले जिसमें गौतम गंभीर, साद और एक उनका खुद का था। कांग्रेस की सदस्य दानिस वोटिंग से गैरहाजिर रहीं। आप के विधायक अब्दुल रहमान और हाजी यूनुस भी कमिटी के सदस्य हैं।