जमशेदपुर में टाटा स्टील कर्मी की गर्दन काटकर हुई हत्या

जमशेदपुर। टाटा स्टील कर्मचारी की अपराधियों ने शुक्रवार को गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सुंदरनगर थाना के तुरामडीह माइंस से सटे तालसा ग्राम की पहाड़ी से देर शाम उसका शव बरामद कर लिया है। पहचान उसके मोबाइल पर आए एक कॉल पर संपर्क करने से हुई। युवक कदमा का रहने वाला है।
उसका नाम कुमार सौरभ (35 वर्ष) है। वह कदमा इसीसी फ्लैट के 393/ बी का रहने वाला था। सौरभ टाटा स्टील के सिंटर प्लांट में कार्यरत था। उसके पिता का नाम सुधीर कुमार है।
पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर नीले रंग की जींस, बनियान और पैर में जूते थे। घटना की जानकारी युवक के परिजनों को पुलिस की ओर से दी गई। इसके बाद परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंचे। जांच-पड़ताल में पुलिस ने युवक का हेलमेट भी बरामद किया है। बाइक और पर्स का अता-पता नहीं चल पाया। कुछ दिन पहले ही उसने नई मोटरसाइकिल खरीदी थी।
पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि घटना लूटपाट या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। इसके अलावा सौरभ के नजदीकी मामलों से जुड़े एंगल को भी देखा जा रहा है। सूचना पर विधि व्यवस्था डीएसपी विमल कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों से मामले की जानकारी ली।
कुमार सौरभ के मामा गम्हरिया निवासी महेश कुमार ने बताया कि सौरभ दोपहर एक बजे घर से बाइक लेकर निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। उसकी तलाश होती रही। मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन वह फोन रिसीव नहीं कर रहा था। सौरभ कुमार की पत्नी को घटना की जानकारी नहीं दी गई है। वह घर में दो बच्चों (श्रेयस और माही) के साथ है।
यह भी पढ़े: टीवी शो एक्ट्रेस का हुआ एक्सीडेंट
डीएसपी विमल कुमार ने बताया कि पत्नी से पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि किससे मिलने की बात कहते हुए घर से निकला था। शुक्रवार उसकी नाइट शिफ्ट डयूटी थी। उसके माता-पिता बिहार के बेगूसराय में रहते हैं। परिजनों को जानकारी दे दी गई है।





