अग्निपथ योजना को लेकर यूपी में भी बवाल, सीएम योगी ने अपील के साथ किया ये वादा

सेना में भर्ती की केंद्र सरकार की नई योजना ‘अग्निपथ’ के विरोध कल बिहार से शुरू हुआ प्रदर्शनों का दौर कई सूबों तक पहुंच गया है। गुरुग्राम में छात्रों ने अग्निपथ योजना के विरोध में दिल्ली-जयपुर हाईवे जाम कर दिया है। ट्रेनों को फूंका गया। ट्रैक को नुकसान पहुंचाया गया। रेलवे संपत्ति को भी तोड़ा गया। कई यात्री ट्रेनों के भी शीशे तोड़े गए। नावादा में तो बीजेपी ऑफिस में ही आग लगा दी। वहीं यूपी के भी 10 से ज्यादा जिलों में प्रदर्शन हुआ है।
गोरखपुर में युवाओं ने निकाला पैदल मार्च
अग्निपथ योजना के खिलाफ गोरखपुर में युवाओं ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उनके हाथों में तख्तियां थीं जिनपर लिखा था- ‘टीओडी वापस लो।’
CM योगी ने अपील के साथ किया ये वादा
अग्निपथ योजना के खिलाफ आंदोलित छात्रों से सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसी के बहकावे में न आने की अपील की है। सीएम ने एक ट्वीट में लिखा कि ‘अग्निपथ’ योजना आपके जीवन को नए आयाम प्रदान करने के साथ ही भविष्य को स्वर्णिम आधार भी देगी। आप किसी के बहकावे में न आएं। मां भारती की सेवा के लिए संकल्पित हमारे ‘अग्निवीर’ राष्ट्र की अमूल्य निधि होंगे और यूपी सरकार अग्निवीरों को पुलिस और अन्य सेवाओं में वरीयता देगी।





