उपचुनाव: रामपुर से समाजवादी पार्टी ने असीम रजा  को अपना उम्‍मीदवार

रामपुर से समाजवादी पार्टी ने असिम रजा को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। इसके पहले समाजवादी पार्टी से आजम खान की पत्‍नी तंजीन फातिमा का नाम तय माना जा रहा था लेकिन आज आजम खान ने आसिम रजा के नाम का ऐलान किया। 

आसिम रजा, आजम खान के करीबी हैं। वह रामपुर से समाजवादी पार्टी के नगर अध्‍यक्ष हैं। आसिम आज ही अपना पर्चा दाखिल करेंगे। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने आज नामांकन के आखिरी दिन ही आजमगढ़ में भी अपने प्रत्‍याशी के तौर पर धर्मेन्‍द्र यादव के नाम का ऐलान किया है। वह भी आज ही अपना पर्चा दाखिल कर रहे हैं। 

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 जीतने के बाद से अखिलेश यादव ने आजमगढ़ और आजम खान ने रामपुर संसदीय सीट से इस्‍तीफा दे दिया था। दोनों सीटों पर 23 जून को उपचुनाव होना है। नतीजे, 26 जून को आएंगे।

समाजवादी पार्टी दफ्तर में आजम ने किया ऐलान 
आजम खान ने आसिम रजा के नाम का ऐलान रामपुरी के समाजवादी पार्टी दफ्तर में किया। इस मौके पर बड़ी संख्‍या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। 

सपा ने आजम पर छोड़ दिया था फैसला 
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में उम्‍मीदवारी का फैसला आजम खान पर छोड़ दिया था। नामांकन के आखिरी दिन तक उम्‍मीदवार के नाम पर सस्‍पेंस बना हुआ था। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा था कि तंजीन फातिमा सपा की उम्‍मीदवार होंगी लेकिन ऐन वक्‍त पर आजम ने आसिूम रजा के नाम का ऐलान कर सबको चौंका दिया। 

बीजेपी ने घनश्‍याम लोधी को बनाया उम्‍मीदवार
बीजेपी ने रामपुर उपचुनाव में घनश्‍याम लोधी को टिकट दिया है। जबकि आजमगढ़ में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ पार्टी के उम्‍मीदवार हैं। ‘निरहुआ’ को पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उतारा था। हालांकि वो चुनाव हार गए थे। 

Back to top button