कानपुर में हुई हिंसक घटना को लेकर एक्शन में सीएम योगी, कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हिंसक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई है. सीएम ने देर शाम अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की और प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और सीएम ने अफसरों को सख्त हिदायत दी है और कानपुर की घटना में बिना किसी रियायत के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रदेश में शांति का माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाए. कानपुर में आज दो समुदायों के बीच हुए तनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने वहां के पुलिस कमिश्नर को दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि शांति में खलल पैदा होने पर हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी.
सीएम योगी शुक्रवार रात वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रदेश के कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे. उन्होंने विशेष तौर पर कानपुर में हुई घटना की जानकारी ली और पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी जिलों में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी छोटी से छोटी घटना को गंभीरता से लें. सूचना के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि थानावार अराजकतत्वों को चिन्हित किया जाए. इसके साथ ही अनावश्यक बयान देने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाए. उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
दोबारा तेज ना हो माइक की आवाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में अभियान चलाकर अवैध और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले धार्मिक स्थलों को चिन्हित किया जाए. चिन्हीकरण के बाद विधिक कार्रवाई की कार्ययोजना बनाई जाए. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर धार्मिक गतिविधियां न आयोजित हों. गत दिनों अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों से या तो माइक उतारे गए हैं या उनकी आवाज कम की गई है. यह सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा धार्मिक स्थलों के माइक की आवाज तेज न हो.





