संजय राउत ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- सरकार कश्मीर में पंडितों, सिखों और मुसलमानों की रक्षा करने में असमर्थ

शिवसेना ने जम्मू-कश्मीर में आंतकवादियों की ओर से हिंदू परिवारों को निशाना बनाए जाने को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। शिवसेना ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में नागरिकों की रक्षा नहीं कर सकती है क्योंकि बीजेपी राजनीति में लगी हुई है।
पिछले कुछ हफ्तों में घाटी में आंतकियों की ओर से टारगेट किलिंग की रणनीति अपनाई जा रही है, जिसमें हिंदू परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है। शिवसेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए।
शिवसेना सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि केंद्र की ओर से केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद भी जम्मू-कश्मीर के हालात में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सरकार कश्मीर में पंडितों, सिखों और मुसलमानों की रक्षा करने में असमर्थ है।





