आजम खान ने ली विधानसभा सदस्य की शपथ, बजट सत्र में होंगे शामिल…

समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश सरकार से पूर्व मंत्री आजम खान ने जेल से छूटने के बाद आज विधानसभा पहुंचकर विधानसभा सदस्य की शपथ ले ली है। वहीं, सुबह 11:00 बजे से शुरू होने वाले बजट सत्र में आजम खान शामिल होंगे। इससे पहले रामपुर से लखनऊ जाते समय आजम खान ने एक बयान दिया है जिसकी जोरो से चर्चा हो रही है। आजम खान रामपुर से निकलते हुए कहा है कि उनकी जान को खतरा है। जेल में रहते हुए इंस्पेक्टर ने उनसे अंडरग्राउंड रहने के लिए कहा था। आजम खान ने कहा कि देखते हैं अभी मेरे साथ क्या होना बाकी है। सदन से पहले आजम खां अपने बेटे अब्दुल्लाह आजम के साथ विधानसभा पहुंचे हैं।
जेल से छूटते ही सक्रिय हुए आजम उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजम खान एक बड़ा नाम है। 58 से अधिक मामलों में जेल काट चुके आजम खान बीते दिनों जमानत पर सीतापुर जेल से रिहा हुए हैं। जेल से छूटने के बाद आजम खां राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। आजम खान ने अपने करीबियों से मुलाकात कर आगे की रणनीति तैयार की है।
क्या अखिलेश से नाराज है आजमबीते दिनों समाजवादी पार्टी से विधायक व समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने जेल में आजम खान से मुलाकात की थी। इस दौरान शिवपाल ने यह आवाज उठाई थी कि समाजवादी पार्टी ने आजम खान को जेल से छुड़ाने के लिए प्रयास नहीं किया। जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आजम खां समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से नाराज होंगे। हालांकि, अभी तक आजम खां की ओर से अखिलेश यादव व पार्टी को लेकर किसी तरीके का बयान नहीं दिया गया है। हालांकि, ईद के मौके पर आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने एक ट्वीट किया था जिनको अखिलेश यादव से जोड़कर देखा गया था। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि आजम खान समाजवादी पार्टी अखिलेश से नाराज हैं। लेकिन फिलहाल अभी तक किसी तरह की औपचारिक घोषणा आजम खां की ओर से नहीं की गई है।





