जेल से रिहा हुए आजम खान, शिवपाल सिंह यादव और समर्थकों ने किया स्वागत…

समाजवादी पार्टी के वरिष्‍ठ नेता आजम खान 27 महीने बाद सीतापुर जेल से बाहर आ गए हैं। जेल से बाहर आते ही उनके दोनों बेटों सपा विधायक अब्‍दुल्‍ला आजम, अदीब, प्रसपा अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव और समर्थकों की भारी भीड़ ने आजम का स्‍वागत किया। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक ट्वीट के जरिए उनकी रिहाई पर खुशी जताई। अखिलेश ने लिखा-‘सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक मा. श्री आज़म ख़ान जी के जमानत पर रिहा होने पर उनका हार्दिक स्वागत है। जमानत के इस फ़ैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नये मानक दिये हैं।पूरा ऐतबार है कि वो अन्य सभी झूठे मामलों-मुक़दमों में बाइज़्ज़त बरी होंगे। झूठ के लम्हे होते हैं, सदियाँ नहीं!’ 

सुप्रीम कोर्ट से कल अंतरिम जमानत मिलने के बाद रात में ही उसकी सर्टिफाइड कॉपी रामपुर कोर्ट पहुंचा दी गई थी। इसके बाद रामपुर कोर्ट से भी उनकी रिहाई का आदेश जारी हो गया। रात से ही सीतापुर में उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। आजम के तमाम समर्थक रामपुर से रात में ही आकर सीतापुर के होटलों में ठहर गए थे। 

उधर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी शुक्रवार की सुबह-सुबह सीतापुर जेल पहुंच गए। आजम की रिहाई पर उनके स्‍वागत के बाद शिवपाल ने कहा- ‘ यह न्याय की जीत है। आजम खान साहब की जीत है। हम लोग समाजवादी हैं। हमेशा नेता जी से सीखा है कि सुख दुख में साथ रहना। अखिलेश यादव से आजम की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ये तो उन्हीं से पूछिए। शिवपाल ने बताया कि वह रामपुर नहीं जा रहे हैं। वह लखनऊ जा रहे हैं। आजम खान से उनकी बात हो गई है। 

Back to top button