नोएडा: लॉस्ट लेमन बार का लाइसेंस सस्पेंड, 7 आरोपी गिरफ्तार…

नोएडा में गार्डन गलेरिया मॉल के लॉस्ट लेमन बार में एक व्यक्ति की बार स्टाफ ने सोमवार की रात को पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. अब बुधवार को नोएडा डीएम ने लॉस्ट लेमन बार का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया. इस बार का मालिक रघुराज सिंह मुरादाबाद का रहने वाला है. मंगलवार को इस बार में बिलिंग को लेकर हुए झगड़े के दौरान बाउंसरों ने एक मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में नोएडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 7 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है. अभी इस केस में शामिल 2 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं. मारे गए शख्स का नाम ब्रजेश राय था, ब्रजेश की आटोप्सी रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि उनकी मौत सिर में चोट लगने और पेट में तरल पदार्थ पाए जाने की वजह से हुई है.
नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया, गार्डन गैलेरिया मॉल में एक व्यक्ति के साथ मॉल और बार स्टाफ के कुछ लोगों ने मारपीट की थी जिसके बाद उस व्यक्ति को गंभीर चोटें लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई. इस पूरे मामले में 9 लोग शामिल थे जिसमें पुलिस ने 8 की शिनाख्त कर ली है. इसमें 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि एक अज्ञात की तलाश जारी है





