उत्तराखंड: भीषण गर्मी के बीच सामने आई पानी की दिक्कत, परेशान दिखे लोग..

पारा चढ़ने के साथ ही शहर में पानी की समस्या भी बढ़ रही है। हल्द्वानी के करीब एक दर्जन इलाकों में बीते 10 दिनों से पेयजल की सबसे ज्यादा दिक्कत बनी हुई है। ऐसे में 20 हजार से ज्यादा आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह हो गई है कि रोजमर्रा के काम निपटाने के साथ पानी की व्यवस्था करना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। हालांकि जल संस्थान टैंकरों से पानी की व्यवस्था कर रहा है, लेकिन पानी पर्याप्त नहीं हो पा रहा है।

गौजाजाली, तल्ली हल्द्वानी क्षेत्र में जोशी कालोनी, गणपति विहार, सुयाल कॉलोनी, डी-क्लास, खन्ना फार्म, इंद्रपुरी, नवदुर्गा कॉलोनी, दुर्गा विहार, नागेश्वर कॉलोनी के लोगों ने बीते दिनों जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों का घेराव कर हंगामा भी किया। क्षेत्रवासी पानी की शिकायत को लेकर कुमाऊं आयुक्त के पास भी पहुंचे। इतनी जद्दोजहद के बाद भी जल संस्थान ने व्यवस्था नहीं सुधारी। तल्ली हल्द्वानी के लोगों का कहना है कि पहले दिन में दो बार पानी आता था। लेकिन, अब एक ही समय पानी सप्लाई हो रही है। वहीं गौजाजाली क्षेत्र में अंतिम छोर के घरों में पानी नहीं पहुंचने की का मामला सामने आया है। इधर, दमुवाढूंगा क्षेत्र के अंतिम छोर में स्थित घरों को पानी नहीं मिल रहा है। साथ ही हाइडिल गेट नलकूप खराब होने से लोगों को परेशानी हो रही है।

गौजाजाली में 4 माह बाद भी नहीं बना नलकूप ::

गौजाजाली क्षेत्र के पार्षद रईश अहमद ने बताया क्षेत्र के लिये 2 नलकूप, ओवरहेड टैंक और पाइप लाइनों की योजना स्वीकृत हुई थी। 31 करोड़ रुपये की इस योजना का शिलान्यास करीब चार माह पहले हुआ था। लेकिन, अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया। विभागीय अधिकारियों से कई बार निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई। लेकिन, अधिकारी बात घुमाने के अलावा कुछ नहीं कर रहे।

Back to top button