कैब ड्राइवरों की हड़ताल के चलते दिल्ली में परेशान हुए लोग, किराया बढ़ाने की मांग जारी…

दिल्ली में आज यानी सोमवार को टैक्सी, ऑटो और ओला, उबर के कैब ड्राइवरों ने हड़ताल का ऐलान किया है. ऐसे में टैक्सी, ऑटो, मिनी बस, ओला और उबर कैब के पहिए राजधानी में थमे नजर आ रहे हैं. इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल, देशभर में पिछले दिनों पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है, ऐसे में कैब ड्राइवर टैक्सी के किराए को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
दिल्ली में ऑटो टैक्सी यूनियन की हड़ताल के दौरान ड्राइवर हाथों में मांगों के पोस्टर लिए नजर आए. ड्राइवरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. इतना ही नहीं ड्राइवरों ने कहा, हम परेशानी झेल रहे यात्रियों से माफी मांग रहे हैं, मगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो हमारा गुजर बसर मुश्किल हो जाएगा.
वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर देश के अलग हिस्सों से यात्री पहुंच रहे हैं, मगर स्टेशन के बाहर उन्हे कोई ऑटो टैक्सी नही मिल रही है. उन्हें दिल्ली के अलग अलग हिस्सों में जाना है. परिवार और बच्चे साथ हैं. मगर काफी देर इंतजार करने के बावजूद कोई गाड़ी इन्हे नहीं मिल रही है.
कई संगठन आए साथ
दिल्ली ही नही पूरे देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में ओला और उबर के कैब ड्राइवर एसोसिएशन ने टैक्सी किराया बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार से हड़ताल का ऐलान किया है. उधर, दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ की तरफ से भी सीएनजी पर सब्सिडी की मांग की गई है. संघ का कहना है कि सरकार अगर उनकी मांग नहीं सुनती, तो वे हड़ताल करेंगे.
आज से दो दिन की हड़ताल पर कैब ड्राइवर
ऑटो, टैक्सी और कैब ड्राइवर्स एसोसिएशन ने दिल्ली में सोमवार से दो दिन की हड़ताल बुलाई है. दरअसल, कई ऑटो, कैब ड्राइवर मांग कर रहे हैं कि कैब के दामों में इजाफा किया जाए और ईंधन की कीमतें घटाई जाएं. हालांकि, दिल्ली सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद ड्राइवरों ने हड़ताल बुलाने का फैसला किया है.





