बीरभूम हिंसा: ममता बनर्जी ने किया हिंसाग्रस्त इलाके का दौरा, 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद का किया ऐलान

टीएमसी नेता की हत्या के बाद बंगाल के बीरभूम में मंगलवार को हिंसा हुई थी. इस हिंसा में 8 लोगों की जलकर मौत हो गई थी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिंसाग्रस्त इलाके का दौरा किया. ममता बनर्जी ने हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की. साथ ही जिन लोगों के घर हिंसा की चपेट में आए हैं, उन्हें 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया. इतना ही नहीं ममता बनर्जी ने राज्यभर में बम और हथियारों की जब्ती के लिए अभियान चलाने का भी आदेश दिया है.
उधर, टीएमसी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से संसद में मुलाकात की. इस दौरान टीएमसी सांसदों ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ को हटाने की मांग की.
अधीर रंजन को पुलिस ने रोका
अधीर रंजन चौधरी को बीरभूम के बोलपुर में पुलिस ने रोका. अधीर रंजन रामपुरहाट में हिंसाग्रस्त इलाके में जा रहे थे. अधीर का दावा कि सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर उन्हें रामपुरहाट जाने से रोक दिया गया.
गांव में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे
रामपुरहाट में हिंसा के बाद प्रशासन एक्शन में आ गया है. हिंसा ग्रस्त इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कलकत्ता हाईकोर्ट ने 23 मार्च को आदेश दिया था कि हिंसा वाले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं.





