श्रीलंका में भूखमरी झेल रहे लोगों का हुआ बुरा हाल, 500 रुपये किलो मिल रहा हैं चावल…

पड़ोसी देश श्रीलंका चीन सहित कई देशों के कर्ज में डूबकर दिवालिया घोषित हो सकता है. देश में महंगाई लोगों को भुखमरी की ओर धकेल रही है. यहां रोजमर्रा के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं. एक किलो शक्कर की कीमत 290 रुपये है. चावल आपको 500 रुपये प्रति किलो मिलेंगे. हैरान करने वाली बात ये है कि 400 ग्राम दूध के लिए 790 रुपये देने पड़ रहे हैं.

श्रीलंका में भूखमरी झेल रहे और नाउम्मीद हो चुके कुछ परिवार अवैध तरीके से भारत आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि भारत लाने के बदले मछुआरों ने उनसे 50 हजार से 3 लाख रुपये तक ले लिए. मंगलवार को करीब 16 श्रीलंकाई समंदर के रास्ते भारत पहुंचे.

इनमें एक दंपती तो चार महीने का बच्चा लेकर यहां आया है. अधिकारियों ने इनकी पहचान 24 साल के गजेंद्र और 22 साल की पत्नी मैरी क्लेरिन के रूप में की है. चार महीने का बेटा निजथ भी साथ में था.

जनवरी में श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार 70% घटकर 2.36 अरब डॉलर रह गया है. श्रीलंका को अगले 12 महीनों में 7.3 अरब डॉलर (करीब 54,000 करोड़ रुपए) का घरेलू और विदेशी कर्ज चुकाना है. इसमें कुल कर्ज का लगभग 68% हिस्सा चीन का है. उसे चीन को 5 अरब डॉलर चुकाने हैं.

गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहे श्रीलंका के लिए भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है. भारत ने अपने पड़ोसी देश को 90 करोड़ डॉलर से ज्यादा का कर्ज देने की घोषणा की है. इससे देश को विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने और खाद्य आयात में मदद मिलेगी.

Back to top button