भारतीय रेलवे ने उठाया ये बड़ा कदम, अब नवरात्रों में चलती ट्रेनों में मिलेगा व्रत का खाना

नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले लोगों को ट्रेनों में सफर के दौरान किसी भी खाने पीने की परेशानी नहीं होगी. भारतीय रेलवे यात्रा के दौरान व्रत करने वाले लोगों‍ का पूरा ध्‍यान रखेगा. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्‍म कॉरपोरेशन ने यात्रा के दौरान लोगों को नवरात्र स्‍पेशल खाना देने का फैसला किया है. लोग अपना मनपसंद खाना आर्डर देकर सीट पर मंगवा सकेंगे.

आईआरसीटीसी (IRCTC) के अनुसार 2 अप्रैल से शुरू होने वाले नवरात्र में सफर के दौरान यात्रियों को व्रत का खाना दिया जाएगा. यात्री अपनी सुविधा अनुसार मनपसंद खाना ई कैटरिंग से या फिर 1323 पर बुक कर सीट पर मंगवा सकेंगे. यह खाना बिना लहसुन और प्‍याज का शुद्ध और सात्विक होगा. खाना बनाने में सेंधा नमक इस्‍तेमाल किया जाएगा.

लोगों की पसंद को ध्‍यान में रखते हुए चार अलग-अलग तरह की थालियां उपलब्‍ध होंगी. इसकी कीमत 125 रुपये से लेकर 200 रुपये के बीच होने की संभावना है. इसके रेट आईआरसीटीसी आज फाइनल कर देगा. यह सुविधा 500 के करीब उन ट्रेनों में उपलब्‍ध होगी, जिनमें आईआरसीटीसी कैटरिंग की सुविधा दे रही है. व्रत का खाना केवल ट्रेनों में ही मिलेगाा, स्‍टेशनों में आईआरसीटीसी के स्‍टाल में उपलब्‍ध नहीं होगा.

ये होगा संभावित मेनू

कुट्टू के पकौड़े और पूड़ी सब्‍जी, साबूदाना की खिचड़ी, लस्‍सी, फ्रेश जूस ( इसमें नमक,चीनी कुछ भी नहीं होगा), फल, चाय, रबड़ी, ड्राईफूड्स की खीर.

Back to top button