उज्जैन की नानाखेड़ा पुलिस ने बेटे को हत्या के केस में किया गिरफ्तार, जाने क्या है पूरा मामला

नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के वेद नगर में रहने वाले 73 वर्षीय बुजुर्ग की उसके पुत्र ने लोहे के पाइप से हमलाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद को लेकर हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपित पुत्र को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी ओपी अहीर ने बताया कि नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के वेद नगर में रहने वाले मूलचंद वर्मा उम्र 73 वर्ष शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे तथा दूध की डेयरी भी संचालित करते थे। उनका पुत्र अजय वर्मा भी डेयरी पर काम करता था। बुधवार रात अजय वर्मा का अपने पिता मूलचंद से विवाद हो गया। इसे लेकर वह मारपीट करने लगा।

अजय ने लोहे के पाइप से पिता के सिर व पसली में कई वार कर दिए थे। गंभीर चोट आने पर स्वजन ने मूलचंद को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे मूलचंद की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित अजय को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

दुष्कर्म के आरोपित को 10 साल कैद

खाचरौद में एक महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में बुध्ावार को कोर्ट ने आरोपित को दोषी करार देकर 10 साल कैद की सजा सुनाई है। उप-संचालक अभियोजन डा. साकेत व्यास ने बताया कि खाचरौद निवासी एक महिला 15 अगस्त 20215 को घर से काम के लिए निकली थी। घर नहीं लौटी तो स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी केस दर्ज किया था। पुलिस ने महिला को घनश्याम नामक व्यक्ति के घर से बरामद किया था। घनश्याम ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। बुधवार को कोर्ट ने घनश्याम को 10 साल कैद की सजा सुनाई है।

अपहर्ता को तीन साल कैद

किशोरी का अपहरण करने वाले आरोपित को बुधवार को कोर्ट ने तीन साल कैद की सजा सुनाई है। 23 दिसंबर 2020 को एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत की थी कि उसकी नाबालिग पुत्री लापता है। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने किशोरी को सुनील के घर मिली थी। न्यायालय ने सुनील को दोषी करार देकर तीन साल कैद की सजा सुनाई है।

Back to top button