तस्कर होली को लेकर शराब की भारी खेप भेज रहे बिहार, पढ़े पूरी खबर

कुशीनगर जिले से सटे पड़ोसी प्रांत बिहार में शराबबंदी होने से सीमावर्ती इलाके में शराब तस्करों की गतिविधियां चलती रहती हैं। होली के अवसर पर बिहार में शराब की मांग को देखते हुए तस्कर मौके का फायदा उठाने में पीछे नहीं है। सीमावर्ती इलाके को हब बनाकर शराब तस्कर बिहार में शराब की खेप पहुंचा रहे हैं। पंजाब, हरियाणा से ही नहीं बल्कि यूपी के सीमावर्ती इलाकों में स्थापित सरकारी शराब की दुकानों से यह धड़ल्ले से बिहार भेजी जा रही है।

ग्रामीण इलाकों से ले जा रहे शराब की खेप
ग्रामीण इलाके के रास्तों से तस्कर अधिक से अधिक शराब पहुंचा रहे हैं। दिन हो या रात 24 घंटे यह काम हो रहा है। बाइक में रखकर, पिकअप पर केले के पत्ते में छिपाकर, जीप में सीट के नीचे रखकर शराब की तस्करी तो हो रही रही है अब शराब की बोतले पेट और पीठ में भी बांधकर बिहार पहुंचायी जा रही हैं। यह धंधा अहिरौली बाजार, हाटा, कसया, पटहेरवा, पडरौना, तरयासुजान, सेवरही, विशुनपुरा, हनुमानगंज, खड्डा आदि थाना क्षेत्रों में तस्करों का रैकेट सक्रिय है, जहां पुलिस की जानकारी में तस्कर बिहार शराब की खेप भेज रहे हैं।
अधिकारी बोले
कुशीनगर के एसपी सचिंद्र पटेल ने बताया कि पुलिस की शराब तस्करों पर पैनी नजर है। बार्डर के इलाकों के थानेदारों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब के धंधे पर अंकुश लगेगा।
शराब लदे बोलेरो के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पटहेरवा थाना क्षेत्र के धनहां गांव के पास से पुलिस ने एक बोलेरो से भारी मात्रा में देसी शराब बबली-बंटी बरामद करते हुए दो तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस का दावा है तस्कर अवैध शराब बिहार ले जाया जा रहा था।
एसआई मंगेश मिश्र टीम के साथ जौरा बाजार की ओर भ्रमण कर रहे थे कि जरिये मुखबिर एक बोलेरो से भारी मात्रा में तस्करों द्वारा बिहार में शराब ले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने गांव के पास स्थित एक स्कूल के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान बोलेरो आती दिखी, चालक पुलिस टीम को देख बोलेरो पीछे की ओर मोड़ कर भागना चाहा कि टीम ने गाड़ी पकड़ लिया। बोलेरो की तलाशी में 45 लीटर देसी शराब, पांच पेटी में 225 ट्रेटा पैक बबली-बंटी बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्करों की शिनाख्त मनीष कुमार भारती व पिंटू राम निवासी चनावे वार्ड नंबर एक दलित बस्ती थाना थावे गोपालगंज के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।





