शहर की सड़कों पर उमड़ रहा आस्था का संगम, गूंज रहेे बोल बम के जयकारे

श्रद्धा और भक्ति के रंगों में डूबीं शहर की सड़कों पर आस्था का संगम उमड़ रहा है। हाथों में कांवड़ और जुबां पर बम-बम भाेले के जयकारों के साथ शिवालयों की ओर शिवभक्त बढ़े चले जा रहे हैं। बारिश और शीतलहर भी इनके कदम नहीं डिगा पा रहीं। शुक्रवार रात बादल बरसते रहे, लेकिन भोलनाथ की भक्ति पर मौसम की मार का कोई असर नहीं पड़ा। शिवभक्तों में जोश और उत्साह बरकरार रहा।
शिवालयों में करेंगे महादेव का अभिषेक
महाशिवरात्रि पर शिवभक्त शिवालयों में आकर महादेव का अभिषेक करेंगे। गंगा के घाटों से गंगाजल लिए शिवभक्त शिवालयों के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, शहर की सड़कों और हाईवे पर छोटे-बड़े वाहनों पर सवार शिवभक्त कांवड़ लेकर गंगा घाट की ओर जाते भी दिखाई दे रहे हैं। गंगा घाट पर कांवड़ को सजाकर शिवभक्त पैदल ही शिवालयों की ओर कूच करेंगे। रात हुई बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव, कीचड़ से शिवभक्तों को यात्रा में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खैर रोड पर कुछ जगह जलभराव की स्थिति है। जीटी रोड, नादा पुल मार्ग पर गड्ढे हो रहे हैं। यहीं से होकर शिवभक्ति खेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। शनिवार को रामघाट रोड, जीटी रोड और आगरा रोड पर कांवड़ लिए शिवभक्तों लंबी कतार नजर आई। सामाजिक संस्थाओं ने शिवभक्तों को जलपान कराने के लिए जगह-जगह शिविर लगाने शुरू कर दिए हैं। बाजार भी शिवमय नजर आ रहे हैं। कांवड़ सजाने के लिए दुकानों पर तरह-तरह की वस्तुएं नजर आ रही हैं। शिविर की साज-सज्जा के लिए भी खरीदारी हो रही है। महादेव की प्रतिमा, तस्वीर भी दुकानों पर रखी हुई हैं। शिवभक्त कांवड़ के साथ सेल्फी लेकर इंटरनेट मीडिया पर फोटो पोस्ट कर रहे हैं।
कांवड़ मार्गों पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें
महाशिवरात्रि को देखते हुए नगर निगम ने भी कमर कस ली है। सड़कों पर पैचवर्क कराया जा रहा है, कर्मचारी पंप से पानी निकाल रहे हैं। नगर अायुक्त गौरांग राठी ने कांवड़ मार्गों पर मीट की दुकानें बंद रखने, समय पर कूड़ा उठाने, सिल्ट न निकालने, गड्ढे भरने, छुट्टा पशु पकड़ने, पेयजल व पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कांवड़ मार्गों को चार सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी, 35 अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए हैं। कुल 80 टीमें बनी हैं। सेक्टर एक में (क्वार्सी चौराहा से मीनक्षी पुल, गांधी पार्क तक) सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद नोडल अधिकारी होंगे। सेक्टर दो में (गांधी पार्क से पत्थर बाजार, देहलीगेट से खेरेश्वर महादेव मंदिर तक) अधिशासी अभियंता अशोक भाटी, सेक्टर तीन में (मेलरोज बाईपास होते हुए जीटी रोड से नादा पुल खेरेश्वर महादेव मंदिर तक) सीटीओ विनय राय और सेक्टर चार में (इगलास रोड से मथुरा बाईपास स्लाटर हाउस, नादा पुल होते हुए खेरेश्वर महादेव मंदिर तक) कर निर्धारण अधिकारी आरपी सिंह नोडल अधिकारी होंगे।






