लखनऊ के घंटाघर पार्क में स्‍थ‍ित म्यूजिकल फाउंटेन को हुसैनाबाद ट्रस्ट को हस्तांतरित करने की प्रकिया हुई शुरू

 लखनऊ विकास प्राधिकरण लविप्रा द्वारा पुराने लखनऊ में बनवाया गया म्यूजिकल फाउंटेन बने महीनों बीत गए, लेकिन इसके संचालन को लेकर लविप्रा गंभीर नहीं है। अब लविप्रा दावा कर रहा है कि हुसैनाबाद क्षेत्र के समेकित विकास कार्यों के तहत घंटाघर पार्क के तालाब में म्यूजिकल फाउंटेन करीब 6.20 करोड़ की लागत से निर्माण किया गया था। इसके साथ ही मल्टीमीडिया लेजर शो भी तैयार किया गया है। इस शो में गणेश वंदना, शिव तांडव, राष्ट्रीय गान के साथ शहर के एतिहासिक स्थलों की झलकियां दिखाने की योजना थी, लेकिन कुछ दिन संचालन के बाद लविप्रा ने रात में चलने वाले शो को बंद कर दिया।

खासबात है कि आज तक इसका उद्घाटन तक नहीं हुआ, अब इसे हुसैनाबाद ट्रस्ट को हस्तांतरित करने की प्रकिया शुरू कर दी गई है। यहां चलने वाले शो को भविष्य में पर्यटक मुफ्त देख सकेंगे या फिर टिकट दर निर्धारित होगी, इस पर ट्रस्ट ही फैसला करेगा। लविप्रा द्वारा हुसैनाबाद क्षेत्र के विकास कार्यों में आडियो वीडियो साउंड शो आउटडोर प्रोजेक्टर सिस्टम लगाया गया था। उद्देश्य था कि लखनऊ की संस्कृति, संरक्षित, स्मारकों तथा खानपान और कला संस्कृतियों तथा ऐतिहासिक इमारतों को डाक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके लिए करीब 7.20 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य यहां कराया गया था। यह काम भी आने वाले समय में हुसैनाबाद ट्रस्ट ही संभालेगा।

सुस्त चाल, काम पूरा करने में लग गए सालों

लविप्रा को पुराने लखनऊ में अपना प्रोजेक्ट पूरा करने में वर्ष 2015 से 2021 तक सफर तय करना पड़ा। कार्यदायी संस्था द्वारा कई कारणों से बीच में काम छोड़ दिया गया था। लविप्रा के तत्कालीन अफसरों ने इसे उपाध्यक्ष के निर्देश पर पूरा कराया और हुसैनाबाद में म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए लखनऊ की संस्कृति व विरासात को जिंदा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Back to top button