लद्दाख में स्नो स्कल्पचार टेक्नालोजी को देंगे बढ़ावा, रोजगार-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: PM कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेंद्र सिंह 

 प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेंद्र सिंह ने कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में बर्फ से कलाकृतियों बनाने की स्टार्टअप टेक्नालोजी को बढ़ावा देने की दिशा में बड़े पैमाने पर कार्यवाही की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के साधन पैदा होने के साथ सर्दियों में पर्यटकों को लद्दाख लाने में भी फायदा मिलेगा।

डा जितेंद्र सिंह सोमवार को दिल्ली में उनसे मिलने पहुंचे लद्दाख के उपराज्यपाल आरके माथुर से विचार-वमर्श कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्नो स्कल्पचर टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। उपराज्यपाल ने डा जितेंद्र सिंह को गत दिनों हुई कार्यशाला के बारे में बताया। डा जितेंद्र सिंह ने लद्दाख प्रशासन द्वारा इस वर्ष अप्रैल-मई में लेह बैरी की व्यवसायिक खेती के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि काउंसिल आफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च लेह बैरी बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि लेह बैरी बर्फीले रेगिस्तान का एक खाद्य उत्पाद है जो उद्योग के साथ स्वयं रोजगार स्थापित करने में सहयोग दे रहा है।

डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि लद्दाख कि सी बकथोर्न पेड़ से कई प्रकार के खाद्य उत्पाद तैयार करने से स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देने मिलने के साथ रोजगार को भी बल मिल रहा है। इस दौरान उपराज्यपाल ने बताया कि जारी वर्ष में बहार के मौसम में 15000 फीट से ऊपर के इलाकों में संजीवनी बूटी कहे जाने वाली सोला औषधि समेत तीन औषधीय पौधों को लगाने की तैयारी है। वहीं डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस गर्मियों में सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का एक दल दौरा कर पशमीना बकरियों भेड़ों व याक के लिए जिंक फार्टिफिकेशन प्रोजेक्ट की समीक्षा करेगा।

उन्होंने बताया कि इसके साथ लद्दाख में जियोथर्मल एनर्जी प्रोजेक्ट को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने लद्दाख में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था बनाने के लिए यूटी कैडर के और अधिकारियों की तैनाती करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं को तेजी देने के लिए ऐसा करना जरूरी है।

Back to top button