पानीपत में सड़क हादसे का मामला आया सामने, ओवरटेक करने के चक्कर में दो प्राइवेट बसों में जोरदार हुई टक्कर, 10 से ज्यादा घायल

पानीपत में सड़क हादसे का मामला सामने आया है। ओवरटेक करने के चक्कर में दो प्राइवेट बसों में जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में एक कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। स्वर्ण जयंती पार्क भालसी के पास ये हादसा हुआ। हादसे में करीब 20-25 यात्री घायल हो गए हैं। 

दोनों बस चालक मौके से फरार

पानीपत में दोपहर के करीब 2:30 बजे दो प्राइवेट बस जिनका नंबर HR 67 A 4200 व बस नंबर HR 39 E 7542 पानीपत से सफीदों की तरफ जा रही थी। स्वर्ण जयंती पार्क भालसी के पास ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों बसों में जोरदार भिड़ंत हुई। एक बस सड़क से नीचे जा गिरी और सफेदे के पेड़ से जा टकराई। इसी दौरान आगे चल रही एक वैगनआर कार जिसका नंबर HR 60 E 2527  भी बसों की चपेट में आ गई, जिसे बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार चालक पूर्व ब्लाक समिति चेयरमैन देशराज नागपाल का बेटा लक्की नागपाल वासी मतलौडा गंभीर रूप से घायल है। वहीं बस में बैठी 20 से 25 सवारियों को भी चोटे आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए पानीपत भेजा गया हैं। घटना के बाद दोनों बसों के ड्राइवर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को वहां मौजूद  लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। वहीं हादसे के कारण लगे जाम को भी पुलिस ने खुलावाया। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

सवारी उठाने के चक्कर में हुआ हादसा

दोनों बसों में करीब 70 से ज्यादा सवारियां बैठी हुई थी। बस में मौजूद सवारियों ने बताया कि बस चालकों को उन्होंने समझाया था और बस धीरे चलाने को कहा था। लेकिन बस चालकों ने सवारियों की जान की परवाह किए बगैर तेज गति से बस चलाते रहे और उनके साथ भी अभद्रता की और बस की स्पीड भी कम नहीं की। सवारियों ने बताया कि दोनों बस चालक ज्यादा सवारी उठाने के चक्कर में एक दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके कारण ये हादसा हुआ। घटना के बाद वहां मौजूद गुस्साए लोगों ने बस की शीशे भी तोड़े।    

Back to top button