मुंबई ATS में एसपी स्तर पद के लिए DGP ने फेसबुक के जरिए सीधे मांगे आवेदन

महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) संजय पांडे ने अपने फेसबुक पेज पर राज्य के आंतकवाद निरोधक दस्ते (ATS) में अधीक्षक स्तर के दो पदों के रिक्त रहने के संबंध में मैसेज पोस्ट किया और उम्मीदवारों को विभाग या सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे संपर्क करने के लिए आमंत्रित किया.

मुंबई ATS में खाली हैं SP स्तर के दो पद
विभाग में कर्मचारियों की कमी के बारे में अधिक जानकारी के लिए ATS प्रमुख विनीत अग्रवाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार किया. अग्रवाल अतिरिक्त डीजी रैंक के अधिकारी हैं. फेसबुक पर पिछले हफ्ते किए गए पोस्ट में पांडे ने कहा कि ATS मुंबई में पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के दो पद खाली हैं.
मिलता है विशेष भत्ता
उन्होंने कहा कि ATS में तैनाती को प्रतिष्ठित माना जाता है और 25 प्रतिशत विशेष भत्ता दिया जाता है. पांडे ने यह भी कहा कि इच्छुक अधिकारी सीधे ADG ATS या ADG प्रतिष्ठान से संपर्क कर सकते हैं. इच्छुक अधिकारी सोशल मीडिया अकाउंट पर भी बता सकते हैं. मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ATS एक बहुत ही प्रतिष्ठित विभाग है और हर कोई वहां काम करना चाहता है.
2 अधिकारियों के जाने से हुई दिक्कत
अधिकारी ने यह भी कहा कि कोई भी इच्छुक अधिकारी फेसबुक एकाउंट पर DGP को जवाब नहीं देगा, क्योंकि अन्य लोगों को भी इसके बारे में पता चल जाएगा. गौरतलब है कि ATS के एसपी (तकनीकी विश्लेषण) सोहैल शर्मा उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए हैं. ATS में एसपी रैंक के एक अन्य अधिकारी राजकुमार शिंदे का कुछ समय पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में तबादला किया गया है, लेकिन उन्हें अभी तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है.
IGP का पद भी पड़ा है खाली
ATS में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पद भी करीब साल भर से खाली पड़ा है. पद पर तैनात सुहास बर्के का साल भर पहले तबादला कर दिया गया था. शिवदीप लांडे को पिछले साल नवंबर में बिहार भेजे जाने के बाद से एटीएस में उपमहानिरीक्षक (DIG) का पद भी रिक्त है.





