पुलिस ने एक आभूषण और कपड़ों की दुकानों में मोलभाव कर ध्‍यान भटकाते हुए कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश

बैरागढ़ थाना पुलिस ने एक आभूषण और कपड़ों की दुकानों में मोलभाव कर ध्‍यान भटकाते हुए कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गैंग की मुखिया एक महि‍ला है। इसमें उसकी बेटी, बेटा और भतीजी शामिल है। उनके पास से पुलिस ने 50 हजार रुपये सहित बड़े पैमाने पर चोरी का माल बरामद किया है।

बैरागढ़ थाना पुलिस के मुताबिक मिनी मार्केट में जगदीश दाद की दूल्हे राजा के नाम से कपड़ों एवं आटीफिशियल ज्वैलरी की दुकान है। गुरुवार को तीन महिलाएं उनकी दुकान में खरीदारी के लिए पहुंची थीं। काफी देर तक कपड़े, ज्वेलरी देखने के बाद तीनों बिना खरीदारी करे वहां से चली गईं। उनके जाने के बाद व्यापारी को पता चला कि महिलाएं कुछ सामान चोरी कर ले गई हैं। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटैज देखे, तो उनकी शंका सही निकली। दुकान में बाहर लगे कैमरे के फुटेज में महिलाएं एक आटो में सवार होती दिख रही थीं।

आटो चालक से मिला सुराग

व्यापारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आटो के नंबर के आधार पर पुलिस ने आटो चालक से पूछताछ की। उसने बताया कि महिलाओं को उसने लालघाटी स्थित जैन नगर स्थित उनके घर तक छोड़ा था। पते की तस्दीक करने के बाद शुक्रवार तड़के पुलिस ने उस घर पर छापा मारकर महिलाओं को हिरासत में ले लिया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने सूट, शेरवानी सेट, बाबा सूट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सोने के कंगन, 55 हजार रुपये बरामद किए।

मुन्नाी है गिरोह की मुखिया

जैन नगर निवासी मुन्नाी उर्फ रजनी पत्नी जमुना प्रसाद चौहान (48) गिरोह की मुखिया है। वह पहले भी कोतवाली, बैरागढ़ में चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुकी है। उसके गिरोह में बेटी शिवानी चौहान (22), बेटा गौरव उर्फ गोलू (23) के अलावा भतीजी नेहा ठाकुर पत्नी सुमित (30) शामिल हैं।

चालक का ध्यान भटकाकर कार से भी सामान चोरी करता है गिरोह

मुन्नाी का गिरोह भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में चालक का ध्यान भटकाकर कार में रखा कीमती समान भी उड़ा लेता है। इस तरह की वारदात के दौरान मुन्नाी अपने बेटे गौरव को साथ रखती है। सितंबर 2021 में गिरोह ने एक व्यक्ति को कार पंक्चर होने की बात कही थी। चालक कार से उतरकर टायर देखने लगा था, तभी मुन्नाी ने कार में रखे 50 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।

Back to top button