दोमाना से पुलिस ने मादक पदार्थ चरस की तस्करी करने वाले आरोपित को किया गिरफ्तार

दोमाना पुलिस ने संग्रामपुर इलाके से पुलिस ने एक राहगीर को मादक पदार्थ चरस की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से पुलिस ने करीब एक सौ ग्राम चरस को बरामद किया। बरामद की गई चरस को पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) में भेज दिया। दोमाना पुलिस थाने में आरोपित नरेंद्र शर्मा निवासी सज्जादपुर, मढ़ के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
मादक तस्करी की पुख्ता सूचना पर पुलिस कर्मियों ने संग्रामपुर नाका लगाया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वहां गुजर रहे एक राहगीर को जांच के लिए रोका। नाके की रुकने की बजाए युवक वहां से उल्टी दिशा में भागने लगा। नाके में तैनात पुलिस कर्मियाें ने युवक का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद युवक को पुलिस कर्मियों ने रोक लिया।
उसकी तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट के अंदर चरस पड़ी हुई थी। युवक को पूछताछ के लिए सीधे थाने में ले जाया गया। उस से पूछताछ कर यह जानकारी हासिल की जा रही है कि वह नशे की इस खेप को कहा से लेकर आया था।
वहीं, जिला रामबन के संगलदान में पुलिस ने दो लोगों को मादक पदार्थ हेरोइन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवकों जमील भट्ट निवाीस बंधन, संगलदान और मोहम्मद जुनैद निवासी गूल, रामबन से पुलिस कर्मियों ने सात ग्राम हेरोइन को बरामद किया।
पुलिस का मानना है कि आरोपित हेरोइन को कश्मीर से लेकर इस बेचने के लिए जम्मू की ओर जा रहे थे। दोनों के विरुद्ध गूल पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस को शक है कि आरोपित इससे पूर्व भी नशे की खेप को कश्मीर से लेकर बेचने में कामयाब हो चुके है।






