बहादुरगढ़ के ग्रामीण अंचल के लिंक मार्गाें के निर्माण में महज खानापूर्ति, एक माह के अंदर ही टूट गए ये तीनों रोड

बहादुरगढ़ के ग्रामीण अंचल के लिंक मार्गाें के निर्माण में महज खानापूर्ति हो रही है। हाल ही में बनाए गए तीन लिंक मार्गाें के निर्माण में यही बात सामने आई है। एक माह के अंदर ही ये तीनों सड़कें टूट गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने झज्जर पहुंचकर जिला उपायुक्त से शिकायत की। बाद में बहादुरगढ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्यलूडी) के कार्यकारी अभियंता अनिल रोहिल्ला से भी मिले। ये तीन मार्ग खरहर से मांडौठी, खरहर से भापड़ौदा व खरहर से छारा हैं।

जगह जगह बने सड़क पर गड्ढे

ग्रामीणों ने बताया कि तीनों ही मार्ग लगभग एक महीना पहले बनकर तैयार हुए थे, मगर अभी से इनकी हालत खस्ता हो गई है। खरहर की अपना गांव-अपना समाधान कमेटी से प्रधान धर्मेंद्र राठी के अलावा यहां के निवासी आशीष राठी, राजेश राठी, दुष्यंत, रामकिशन राठी, सुंदर, अभिमन्यु, अमरजीत, संजीव, प्रदीप व संदीप ने बताया कि तीनों सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं। इतनी जल्दी सड़क टूटने का सीधा अर्थ है कि इनके निर्माण में घोर लापरवाही बरती गई। पूरी तरह से गड़बड़ी की बू आ रही है।

अधिकारियों पर लगाया मिलीभगत का आरोप

संबंधित विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह का काम नहीं हो सकता। इन मार्गाें में गुणवत्ता न के बराबर है। पूरी सड़क पर रोड़ी निकली हैँ। इससे बाइक सवार तो फिसलकर गिर रहे हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की कि इन सड़कों के निर्माण कार्य की जांच करवाकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और इन मार्गाें की मरम्मत करवाई जाए। शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों से जवाब भी तलब किया गया। इसके बाद ग्रामीण सीधे ही बहादुरगढ़ में पीडब्ल्यूडी के कार्यालय पहुंचे। उनकी शिकायत को कार्यकारी अभियंता ने सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अधिकारी के अनुसार

खरहर के ग्रामीणों की ओर से तीन सड़कों के निर्माण में खामी को लेकर शिकायत आई है। इस बारे में जांच की जा रही है। सड़कों का मुआयना करके आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

–अनिल रोहिल्ला, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर, बहादुरगढ़

Back to top button