सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘उत्तराखंड भूकंप अलर्ट’ ऐप किया लांच, उत्तराखंड यह ऐप बनाने वाला पहला राज्य बना

उत्तराखंड भूकंप की पूर्व चेतावनी देने संबंधी ऐप बनाने वाला पहला राज्य बन गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में मोबाइल एप्लीकेशन ‘उत्तराखंड भूकंप अलर्ट’ ऐप लांच किया। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण औक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के सहयोग से बनाए गए इस ऐप के माध्यम से भूकंप से पहले चेतावनी मिल जाएगी। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिशासी निदेशक डॉ पीयूष रौतेला के अनुसार उत्तराखंड भूकंप अलर्ट ऐप के लिए प्राधिकरण ने वित्तीय सहायता दी है। अब ऐप की लांचिंग के बाद इसके संचालन पर सालाना एक से डेढ़ करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसे सरकार वहन करेगी।

उत्तराखंड यह ऐप बनाने  वाला पहला राज्य है। इससे जन सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस ऐप के माध्यम से भूकंप के दौरान लोगों की लोकेशन भी प्राप्त की जा सकती है। भूकंप अलर्ट के माध्यम से भूकंप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे होने पर सूचना दी जा सकती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है।

इस एप के माध्यम से लोगों को भूकंप पूर्व चेतावनी मिल सके, इसके लिए इस ऐप की लोगों को जानकारी दी जाए। विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार किया जाए। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इसकी लघु फिल्म बनाकर जन-जन तक पहुंचाया जाए। स्कूलों में भी बच्चों को लघु फिल्म के माध्यम से इस ऐप के बारे में जानकारी दी जाए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पास एंड्राइड फोन नहीं है, उनको भी भूकंप से पूर्व चेतावनी मैसेज पहुंच जाए। इस ऐप के माध्यम से यह सुविधा भी प्रदान की जाए। भूकंप पूर्व चेतावनी में सायरन और वायस दोनों माध्यमों से अलर्ट की व्यवस्था की जाए। भूकंप  पूर्व चेतावनी के लिए सायरन टोन अलग से हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूकंप पूर्व चेतावनी के लिए यह एक अच्छी पहल है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button