भारी बारिश ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई का हाल किया बेहाल, दीवार ढहने से 19 लोगों की दर्दनाक मौत…

भारी बारिश ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को बेहाल कर दिया है। मायानगरी में एक बार फिर से भारी बारिश का कहर देखने को मिला है, जहां दीवार ढहने से संबंधित दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में 19 लोगों की मौत हुई है। पहली घटना में जहां, भारी बारिश से बेहाल मुंबई के चेम्बूर भरत नगर इलाके में लैंडस्लाइड की वजह से कुछ झोपड़ियों पर दीवार गिर गई, जिसमें 14 लोगों की जानें चली गईं। वहीं, दूसरी घटना में विक्रोली इलाके में आवासी मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों जगह रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) का कहना है कि भूस्खलन के कारण चेंबूर के भारत नगर इलाके में कुछ झोंपड़ियों पर दीवार गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई। माना जा रहा है कि अंदर अभी और फंसे हो सकते हैं, जिन्हें बचाने का काम जारी है। इसके अलावा, बीएमसी ने कहा कि मुंबई के विक्रोली इलाके में रविवार तड़के एक ग्राउंड प्लस वन आवासीय इमारत ढह गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई।





