वीवीएस लक्ष्मण का बड़ा बयान, श्रीलंका दौरा शिखर धवन के लिए होगा बेहद अहम

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज शिखर धवन के लिए टी20 विश्व कप को देखते हुए काफी अहम है।

लक्ष्मण ने कहा, “मुझे लगता है कि सीमित ओवर के क्रिकेट में प्रदर्शन करने का फल धवन को मिलना चाहिए। वह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। लेकिन धवन को टी20 विश्व को देखते हुए इस अवसर का फायदा उठाना होगा।”

उन्होंने कहा, “टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा कड़ी है क्योंकि रोहित शर्मा और केएल राहुल ओपनर के तौर पर हैं। विराट कोहली भी कह चुके हैं कि वह टी20 फॉर्मेट में ओपनिंग करना चाहते हैं। ऐसे में धवन को रन बनाने होंगे।”

लक्ष्मण ने कहा, “भारतीय टीम का कप्तान बनना सुखद है और हर कोई देश का नेतृत्व करने पर गर्व महसूस करता है। लेकिन हमेशा स्कोर बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिससे टीम में जगह सुरक्षित हो सके।”

पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा, “धवन मजा करना पसंद करते हैं। आप जब भी उनसे मिलेंगे तो वह हमेशा हंसते हुए रहते हैं। युवा खिलाड़ियों को उनके साथ अच्छा लगेगा।”

Back to top button