करीब दो साल में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों ने किस तरह से किया कोरोना की चुनौतियों का सामना, पीएम मोदी ने बताया…

कोरोना संकट की चुनौती से देश निपट रहा है. पिछले करीब दो साल में केंद्र सरकार और राज्य सरकारों ने किस तरह इस चुनौती का सामना किया, इस मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ब्लॉग लिखा है. पीएम मोदी द्वारा ब्लॉग में समझाया गया है कि किस तरह भारत ने केंद्र और राज्य की भागीदारी के दम पर कोरोना संकट के दौरान चुनौतियों का सामना किया.
पीएम मोदी ने कहा, ‘जब दुनियाभर में वित्तीय संकट था तब भारतीय राज्य 2020-21 में काफी ज्यादा उधार लेने में सफल रहे हैं. आपको यह जानकर सुखद आश्चर्य होगा कि 2020-21 में राज्य 1.06 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त उधार लेने में सक्षम रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों में भागीदारी के रवैये की वजह से ही संसाधनों की उपलब्धता में यह बढ़त संभव हुई.
पीएम मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने दुनिया भर की सरकारों और नीति-नियंताओं के सामने नई तरह की चुनौतियां पेश की हैं. भारत इस मामले में अपवाद नहीं है. इकोनॉमी को स्थिर बनाए रखना सुनिश्चित करते हुए जनकल्याण के लिए संसाधन जुटाना सबसे बड़ी चुनौती रही है.
उन्होंने कहा कि जब हम कोविड महामारी से निपटने के लिए आर्थिक कदम उठा रहे थे तो हम यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि हमारा समाधान ‘छोटे-बड़े सबके लिए एक जैसा’ न हो.





