मुरादाबाद दौरे पर सीएम योगी, तीन ऑक्सीजन प्लांट किये गए स्वीकृत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मुरादाबाद के दौरे पर रहे। कोविड इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का निरीक्षण करने के बाद वह मनोहरपुर गांव पहुंचे। वहां होम आइसोलेशन वाले कोरोना संक्रमित परिवार के अलावा ग्रामीणों से कोरोना से बचाव के संबंध में प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद सर्किट हाउस पहुंचकर पत्रकारों से वार्ता की।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में कोरोना की स्थिति के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि 30 अप्रैल तक तीन लाख 10 हजार कोरोना संक्रमित थे जिनकी संख्या अब घटकर दो लाख 65 हजार रह गई है। बताया कि ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मंडल में आठ ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से तीन मुरादाबाद के लिए हैं। कहा कि शासन और प्रशासन मिलकर इस महामारी पर नियंत्रण के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना था कि पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण तेजी से फैल सकता है। लेकिन हमने हर गांव में निगरानी समिति बनाकर संक्रमण को फैलने से रोकने का काम किया। समितियों को सैनिटाजर, मास्क एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करा दी गईं थीं। उनके सहयोग से कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने में सफलता प्राप्त हुई है। करीब 18 मिनट के भाषण में उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।





