एंटी रोमियो स्क्वॉड के नाम पर युवक-युवतियों को परेशान करने वाले पुलिसवालों पर कार्रवाई

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त हिदायत के बावजूद एंटी रोमियो दल के नाम पर निर्दोष युवक-युवतियों को बेवजह परेशान करनेवाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू हो गई है.गाजियाबाद के नवयुग मार्केट के पार्क में बैठी छात्रा और उसके दोस्त को परेशान करनेवाले तीन पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया है. आरोप है कि पीसीआर वैन में तैनात इन पुलिसवालों ने 24 मार्च एंटी रोमियो दल के नाम पर छात्रा और उसके दोस्त के साथ बदसलूकी की थी और उन्हें वैन में बिठा लिया था.इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद तीनों पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया है. सस्पेंड होने वाले पुलिसकर्मियों के नाम हेड कांस्टेबल महताब और दो कांस्टेबल विनीत और पंकज हैं.

मैनपुरी में भी कार्रवाई
गाजियाबाद की तरह यूपी के मैनपुरी में भी पुलिसवालों पर एंटी रोमियो दल के नाम पर लड़के-लड़कियों को परेशान करने का आरोप लगा है. आरोप है कि यहां के लोहिया पार्क में बैठे जोड़ों के साथ पुलिवालों ने बदसलूकी की. पीडब्ल्यूडी का एक कर्मचारी जब इस घटना का वीडियो बना रहा था तो उसकी जमकर पिटाई कर दी गई.

मनचलों को सबक सिखाया जाएगा- योगी
दो दिन के गोरखपुर दौरे पर पहुंचे सीएम आदित्यनाथ योगी ने कल कहा कि मनचलों को सबक सिखाया जाएगा. वह नौजवान नहीं है. ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी. हमने एंटी रोमियो स्क्वॉड को प्रदेश में सक्रिय कर दिया है.

योगी ने कहा कि सड़क पर साथ में चलने वाले आपसी सहमति से बात करने वाले लड़के-लड़कियों को बिल्कुल नहीं छेड़ा जाना चाहिए. अगर छेड़खानी होने पर स्थानीय अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा.

Back to top button