ममता के गढ़ में नड्डा की हुंकार, बोले- बंगाल में आखिरी छलांग लगाना बाकी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के दौरे पर बुधवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि आज मैं यहां कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में आया हूं। मुझे खुशी है कि आज भाजपा के यहां 9 कार्यालय समर्पित हुए हैं। बंगाल में आगे चलकर भाजपा के 38 कार्यालय बनने हैं। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि असहिष्णुता का दूसरा नाम ममता बनर्जी है। रवीन्द्रनाथ जी ने जिस तरह से देश को दृष्टि दी वो सभी जानते हैं, लेकिन आज बंगाल में असहिष्णुता बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा ने एक लंबी लड़ाई लड़ी है। 9 साल पहले बंगाल में हमारा वोट प्रतिशत 4 था। 2014 में हमारी सीटें 2 हो गई और हमारा वोट प्रतिशत 18 पहुंचा। 2019 में हमारी सीटें 18 हुई और हमारा वोट प्रतिशत 40 पहुंचा। 2021 के चुनाव में भाजपा 200 सीट से विजयी होगी। नड्डा ने कहा कि  बंगाल की जनता भाजपा के साथ है, मोदी जी के साथ है। बंगाल में अब अंतिम छलांग लगानी बाकी है और वो अब हम लोग आपके आशीर्वाद से 2021 में लगाएंगे और यहां ममता जी की सरकार को उखाड़ देंगे और भाजपा सरकार बनाएंगे।

बंगाल में आया हूं तो मुझे दुख भी होता है शर्मसार भी होता हूं

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बंगाल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लॉकडाउन में बहुत मेहनत करके गरीबों की सेवा की है। गरीबों को 1 करोड़ 6 लाख फूड पैकेट भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटे, 30 हजार राशन किट, 31 लाख फेसकवर, 1 करोड़ लोगों को पीएम केयर फंड से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि जब मैं पश्चिम बंगाल में आया हूं तो मुझे दुख भी होता है शर्मसार भी होता हूं। जो बंगाल संस्कृति, विराट हृदय, सोनार बंगाल के लिए जाना जाता था,  आज वहां हिंसा, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अपना-पराया और विकास के विरुद्ध कार्य टीएमसी सरकार कर रही है।

बंगाल में 130 कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दे दी

उन्होंने कहा कि बंगाल में 130 कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दे दी, मैंने यहां 100 कार्यकर्ताओं का तर्पण खुद किया है। क्या ये वही बंगाल है जो अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता था? ये इंसानियत के भी विरुद्ध हैं और ये राजनीतिक असहिष्णुता की पराकाष्ठा है। मैं बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं कि वो हिम्मत के साथ जुटे हुए हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारा कार्यकर्ता 2021 में ममता सरकार को उखाड़ के फेकेंगे।

 

नड्डा ने कहा कि कार्यालय संस्कार के केंद्र हैं, भाजपा कार्यालय से चलती हैं। अन्य पार्टियां घरों से चलती हैं, यहीं उनके कार्यालय हैं। अन्य दलों के लिए परिवार ही पार्टी है, टीएमसी भी इससे अलग नहीं है, वो भी परिवार की पार्टी बन गई है। लेकिन भाजपा के लिए पार्टी ही परिवार है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय से दोनों तरफ का ग्रोथ है- हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर। भाजपा के कार्यकर्ता भी बढ़ रहे हैं और कार्यालय भी बढ़ रहे हैं। आज जिन कार्यालयों का शिलान्यास हुआ है, वो सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगें। इनमें ई-लाइब्रेरी, इंटरनेट, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा, मीटिंग हॉल जैसी कई सुविधाएं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button