नहीं चला ‘युवराज’ का सियासी दांव? फिर से दोहराई एनडीए सरकार

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को जारी काउंटिंग के रुझानों के अनुसार राज्य विधानसभा की 243 सीटों में से एनडीए 123 सीटों पर आगे चल रहा है और गठबंधन में बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी नीतीश कुमार की जेडीयू से बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विपक्षी महागठबंधन 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। काउंटिंग के रुझानों में बीजेपी 74 सीटों पर आगे चल रही है। बिहार के ग्रामीण क्षेत्र में एनडीए को फायदा तो शहरी क्षेत्र में थोड़ा सा नुकसान होता दिख रहा है।
बिहार में ग्रामीण क्षेत्र की 223 सीटें हैं, जबकि शहरी क्षेत्र के अंतर्गत सिर्फ 20 सीटें आती हैं। ग्रामीण क्षेत्र में एनडीए को दो सीटों का फायदा होता हुआ दिखाई दे रहा है। रुझानों के अनुसार, बीजेपी ग्रामीण क्षेत्र में 60 सीटों पर आगे चल रही है। इसमें उसे 21 सीटों का फायदा है। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में जेडीयू को तगड़ा झटका लगा है। जेडीयू की 23 सीटें कम हो रही हैं। जेडीयू को अभी 48 सीटों पर बढ़त हासिल है। इस बार एनडीए का हिस्सा रही वीआईपी को चार सीटों का फायदा हो रहा है और पार्टी चार सीटों पर आगे चल रही है। जीतन राम मांझी की ‘हम’ पार्टी को भी एक सीट पर बढ़त हासिल है।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में महागठबंधन को पांच सीटों का नुकसान हो रहा है। बिहार चुनावी नतीजों के रुझानों के अनुसार, महागठबंधन को ग्रामीण क्षेत्र की 99 सीटों पर बढ़त हासिल है। अन्य दलों को तीन सीटों के फायदे के साथ 9 सीटों पर बढ़त हासिल है। वहीं, चुनाव में जेडीयू से ज्यादा सीटों का दावा करने वाली एलजेपी को ग्रामीण क्षेत्र की 2 सीटें ही मिलती दिख रही हैं। इस तरह चिराग पासवान को ग्रामीण क्षेत्र की सीटों में पिछले चुनाव की तुलना में कोई फायदा होता हुआ नहीं दिख रहा है।
क्या है शहरी क्षेत्र की सीटों का हाल?
बिहार विधानसभा में शहरी क्षेत्र की 20 सीटें आती हैं। इसमें से एनडीए को नुकसान और महागठबंधन को फायदा हो रहा है। ताजा रुझानों के अनुसार, एनडीए को एक सीट का नुकसान होते हुए 13 सीटों पर बढ़त हासिल है। हालांकि, चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही बीजेपी एक सीट के फायदे के साथ 7 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, महागठबंधन को शहरी क्षेत्र में एक सीट का फायदा हुआ है। बिहार का मुख्य विपक्षी गठबंधन सात सीटों पर आगे चल रहा है।
कब तक आएंगे बिहार चुनाव के नतीजे?
बिहार विधानसभा चुनाव की काउंटिंग की शुरुआत मंगलवार सुबह आठ बजे हुई थी। कोरोना वायरस के चलते चुनाव में मतदान केंद्रों की संख्या में काफी बढ़ोतरी की गई थी। ऐसे में काउंटिंग लंबे समय तक चलेगी। मंगलवार दोपहर तक सिर्फ 25 फीसदी काउंटिंग की हो सकी है। चुनाव आयोग ने बताया कि कोविड-19 के कारण इस बार मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ायी गई थी और मतगणना देर तक चल सकती है। बिहार में मंगलवार दोपहर तक कई उम्मीदवारों के बीच महज कुछ सौ वोटों का ही अंतर है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य की 47 विधानसभा सीटों पर कुल मार्जिन 100 वोटों से भी कम का है।






