पश्चिमी चंपारण से गरजे योगी, कहा- जाति के नाम पर लोगों को बांटने वाले अब रोजगार का झुनझुना दे रहे हैं

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव अपने अंजाम की तरफ पहुंच रहा है। कल यानी मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान होना है। इससे पहले आज से ही तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी प्रचार कर रहे हैं। आज उन्होंने पहली रैली पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में की।

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस से लोगों को आगाह किया। सीएम योगी ने दो गज दूरी और मास्क है जरूरी का नारा दोहराते हुए कहा कि बीमारी, आग और बाढ़ से जितना दूर रहो उतना ही अच्छा है।

महागठबंधन पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो पहले जाति के नाम पर बांटते थे, परिवार को चलाते थे, अब वो रोजगार के नाम पर झुनझुना पकड़ाकर बहकाने की कोशिश कर रहे हैं। योगी ने कहा कि नौजवानों इनके झांसे में आने की जरूरत नहीं है। योगी ने कहा कि कांग्रेस हो या राजद, इनके पास बंटवारे का अलावा कोई काम नहीं है।

लालू यादव और राबड़ी देवी के शासन की याद दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि गरीबों को राशन देने की बात तो दूर, मूक जानवारों का चारा ही वो हजम कर गए थे। अब कह रहे हैं कि वो रोजगार देंगे। योगी ने पूछा कि इतनी लाखों नौकरी कहां से आएंगी। उन्होंने कहा कि रोजगार देने का काम सिर्फ पीएम मोदी और नीतीश कुमार देंगे।

Back to top button