बिहार चुनाव को लेकर CM योगी कल से शुरू करेंगे चुनावी रैली

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के फायर ब्रांड नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा कल यानी 20 अक्टूबर से शुरू होगी। भाजपा के स्टार प्रचारक योगी की पहली जनसभा कैमूर में दोपहर के 12 बजे होगी। इसके बाद वे अरवल और रोहतास में एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

20 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ की 3 सभाएं होंगी। सीएम योगी 20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे बिहार के लिए लखनऊ से उड़ान भरेंगे। कैमूर में 12 बजे, दूसरी सभा अरवल में 2 बजे और रोहतास के विक्रम गंज में 3.15 बजे रैली को संबोधित करेंगे। 

30 प्रचारकों की सूची में बिहार भाजपा के 17 नेताओं को जगह 
आपको बता दें कि भाजप की ओर से जारी 30 प्रचारकों की सूची में इस बार बिहार भाजपा के आधे से अधिक 17 नेताओं को जगह दी गई है। इसमें वैसे नेता भी शामिल हैं जो पहले चरण के स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं थे। पार्टी की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष व सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। इसके अलावा बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस को भी इस सूची में शामिल किया गया है। 

पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व धर्मेन्द्र प्रधान को शामिल किया गया है। जबकि भाजपा के स्टार प्रचारकों में बिहारी नेताओं में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अलावा राधामोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, अश्विनी कुमार चौबे, नित्यानंद राय, मनोज तिवारी, नंद किशोर यादव, राजीव प्रताप रूडी, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडेय, शिव नारायण, गोपाल ठाकुर, अजय निषाद, संजय पासवान व सम्राट चौधरी शामिल हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button