शिक्षक दिवस : प्रधानमंत्री ने राधाकृष्णन को किया याद, परिश्रमी शिक्षकों प्रति जताया आभार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्र निर्माण में परिश्रमी शिक्षकों के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक नई शिक्षा नीति का लाभ छात्रों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनका जन्म आज ही के दिन 1888 में हुआ था।

 
पीएम मोदी ने ‘हमारे शिक्षक हमारे हीरो’ हैसटैग के साथ एक ट्वीट कर कहा, ‘हम मन को आकार देने और राष्ट्र के निर्माण में उनके योगदान के लिए मेहनती शिक्षकों के आभारी हैं। शिक्षक दिवस पर, हम अपने शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करते हैं।’ मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि हम डॉ एस राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में अपने पिछले मन की बात कार्यक्रम का एक अंश भी साझा किया। मोदी ने कोरोना काल में शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन शिक्षा मुहैया कराने को लेकर तकनीक के इस्तेमाल के अभ्यस्त नहीं होने का हवाला देते हुए कहा कि इस दौरान शिक्षकों के सामने भी बदलाव की कई चुनौतियां पेश आईं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने इस चुनौती को न केवल स्वीकार किया, बल्कि उसे अवसर में बदल भी दिया है।
पीएम मोदी ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वह 2022 में आजादी के 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में राज्य व क्षेत्र में आजादी का स्थानीय इतिहास खंगालने लिए अपने छात्रों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि अपने जिले से, अपने क्षेत्र में, आज़ादी के आन्दोलन के समय क्या हुआ, कैसे हुआ, कौन शहीद हुआ, कौन कितने समय तक देश के लिए ज़ेल में रहा। यह बातें हमारे विद्यार्थी जानेंगे तो उनके व्यक्तित्व में भी इसका प्रभाव दिखेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे देश के हजारों लाखों गुमनाम हीरो के नाम सामने आएंगे जो देश के लिए जिये, जो देश के लिए खप गए, लेकिन उनके नाम समय के साथ विस्मृत हो गए।
The post शिक्षक दिवस : प्रधानमंत्री ने राधाकृष्णन को किया याद, परिश्रमी शिक्षकों प्रति जताया आभार appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button