दक्षिण चीन सागर : आसियान देशों की संप्रभुता को लेकर अमेरिका-चीन में ठनी, चीन ने दाग़ी मिसाइलें

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। दक्षिण चीन सागर में अन्तर्राष्ट्रीय जल मार्ग और इसके सीमावर्ती देशों की संप्रभुता को लेकर अमेरिका और चीन आमने-सामने आ गए हैं। चीन ने बुधवार को विवादास्पद दक्षिण चीन सागर में अमेरिका के टोही विमानों को सतर्क करने के इरादे से दो मिसाइलें भी दागीं। जवाब में अमेरिका ने फ़ौरी कार्रवाई करते हुए चीन की दो दर्जन बहुराष्ट्रीय कंपनियों और अनेक शीर्ष अधिकारियों के ख़िलाफ़ प्रतिबंध लगा दिया है।

अमेरिका का आरोप है कि चीन की दो दर्जन बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने दक्षिण चीन सागर में कृत्रिम सैन्य ठिकाने बनाने में चीनी सैन्य अधिकारियों की मदद की है। अमेरिकी विदेश विभाग भी उन चीनी अधिकारियों के अमेरिका आने पर रोक लगाएगी। अमेरिका ने कड़े संदेश में कहा है कि चीन आसियान देशों को उनकी संप्रभुता को ललकार रहा है। बताते चलें कि अमेरिका के टोही विमान और युद्धपोत पिछले कुछ अरसे से दक्षिण चीन सागर में चीनी गतिविधियों पर निगाहें लगाए हुए है।

Back to top button