पिंजरे में फंसा तेंदुआ, लोगों ने की जलाकर मारने की कोशिश

गुवाहाटी। राजधानी के मालीगांव में 25 अगस्त की रात असम वन विभाग द्वारा इलाके में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ फंस गया। इस तेंदुए ने छह साल के बच्चे को मार दिया था। इससे लोग गुस्से में थे।
तेंदुए के पिंजरे में फंसने की जानकारी मिलते ही उग्र स्थानीय लोग उसे जान से मारने की कोशिश करने लगे। घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची कामरूप ईस्ट डिवीजन के वन विभाग की टीम और पुलिस ने तेंदुआ को सुरक्षित असम राज्य चिड़ियाघर लेकर गए।
उल्लेखनीय है कि तेंदुआ द्वारा 06 साल के बच्चे को मारे जाने के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित थे। जैसे ही पिंजरे में तेंदुआ के फंसने की जानकारी मिली तो लोगों ने उसे जलाकर मारने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस और वन विभाग की तत्परता से तेंदुआ को जिंदा बचा लिया गया।





