अमेरिका : भारतीय मूल की कमला हैरिस होंगी उपराष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट उम्मीदवार

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार जोई बाइडेन ने भारतीय मूल की कमला हैरिस को उप-राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। जोई बाइडेन ने मंगलवार को ट्वीट के जरिए इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि ये बताते हुए गर्व हो रहा है कि कमला हैरिस को उन्होंने अपना उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।

डेमोक्रेट बाइडेन ने कहा कि जब कमला हैरिस कैलिफोर्निया की अटॉर्नी जनरल थीं तब से मैंने उनको काम करते हुए देखा है। उन्होंने बड़े-बड़े बैंकों को चुनौती दी, काम करने वाले लोगों की मदद की और महिलाओं-बच्चों को शोषण से बचाया।

कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला हैरिस एक समय बाइडेन को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए चुनौती दे रहीं थीं। हालांकि, राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर होने के बाद इस बात की चर्चा लगातार हो रही थी जो बाइडेन उन्हें उप-राष्ट्रपति पद के लिए अपना साथी उम्मीदवार बनाएंगे। उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुने जाने के बाद कमला हैरिस ने ट्वीट करके बाइडेन को धन्यवाद कहा है।

उप-राष्ट्रपति पद कई उम्मीदवार चुनी जाने के बाद कमला हैरिस ने कहा कि बाइडेन अमेरिकी लोगों को एक कर सकते हैं। बतौर राष्ट्रपति वह एक ऐसा अमेरिका बनाएंगे जो हमारे आदर्शों पर खरा उतरेगा। मैं अपनी पार्टी की तरफ से उप-राष्ट्रपति के उम्मीदवार की हैसियत से उनके साथ शामिल होने पर गर्व महसूस करती हूं।

Back to top button