राम मंदिर शिलान्‍यास पर राष्‍ट्रपति को नहीं बुलाने पर बोलीं मेनका, कहा- अब राजनीति बंद हो

सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने राम मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम में राष्ट्रपति को न बुलाये जाने के सवाल पर कहा कि राम सबके हैं। इस मामले में अब राजनीति ठीक नहीं है। राम मंदिर बन रहा है, इसी में सभी की खुशी है।

दिशा की बैठक में भाग लेने पहुंची सांसद मेनका संजय गांधी ने डीएम-एसपी से दो टूक कहा कि मास्क के नाम पर आम आदमी को परेशान न किया जाय। मास्क को लेकर 200 रूपये के चालान हो रहे है। यह पूरे देश में है। मुझे मालूम है कि उनका काम है, नियम रखना। वसूली के लिए चालान गलत है। गली-गली में बैरिकेटिंग की गयी है। जिससे जनजीवन पर खराब असर पड़ा है। यह सब चीजे नहीं होनी चाहिए। अगर इन सबके बीच आदमी मरता है, उनके पास मास्क नहीं, तो नहीं है।

मेनका यहीं नही रूकी, उन्होंने कहा कि कोरोना पाॅजिटिव मिलता है, तो पूरे गली मुहल्ले को सील किया जा रहा है। ऐसा गलत है। कोरोना पाॅजिटिव को उसके घर तक सीमित करें। जिससे और लोगों को कोई परेशानी न हो। यह बीमारी कब तक रहेगी। मुझे नहीं मालूम, आप लोगों ने स्थिति को बहुत अच्छी तरह से सम्भाला है। इतना सम्भालने के बावजूद अलग बीमारी फैलेगी, सो फैलेगी, कोई क्या कर सकता है।

उन्होंने जिले की विद्युत व्यवस्था पर अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनायी। कहा कि ऐसा नहीं चलने वाला है। रोजाना मेरे पास 100 फोन आते है। ज्यादा बिजली से सम्बन्धित है। अधिकारियों को सुरधना ही होगा।

Back to top button