अंडमान में इंटरनेट के नये युग का आरंभ, पीएम मोदी बोले- टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर होगी पहचान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर केबल की सौगात दी है। ये फाइबर केबल चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर तक समुद्र के अंदर बिछाई गई है, जिसकी मदद से अंडमान में अब इंटरनेट की स्पीड काफी तेज होगी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि 15 अगस्त के जश्न से पहले ये लोगों के लिए ये उपहार है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि देश के हर नागरिक की दिल्ली और दिल से दूरियों को खत्म किया जाए। हर व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से अंडमान के लोगों को डिजिटल इंडिया के सभी लाभ मिल सकेंगे। पीएम ने कहा कि कनेक्टविटी अच्छी होगी तो टूरिस्ट अधिक वक्त तक वहां रुकेंगे, जिससे रोजगार के कई अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अंडमान निकोबार को जल्द ही वर्ल्ड टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर तैयार किया जाएगा। इस क्षेत्र में टूरिज्म की काफी संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत अंडमान की भूमिका अधिक है। सरकार की ओर से आइलैंड डेवलेपमेंट कमेटी का गठन कर तेजी से प्रोजेक्ट को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिर्फ डिजिटल इंडिया नहीं बल्कि सड़क-वायु मार्ग को भी मजबूत किया जा रहा है। अब बड़े जहाजों को रिपेयर करने की सुविधा समेत अन्य मुलभुत सुविधाएं भी अंडमान में उपलब्ध होंगी। पीएम मोदी ने कहा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत पोर्ट डेवलेपमेंट-वाटर वे के साथ ही नदियों को पोर्ट से जोड़ने का काम किया जा रहा है।





