भारत सीमा में घुसा पाक युवक गया मारा, अब पाक रेंजर्स ने शव लेने के लिए भरी हामी

बाड़मेर/जयपुर। बाड़मेर जिले की भारत-पाक सीमा पर चेतावनी देने के बावजूद शुक्रवार रात घुसपैठ की कोशिश कर रहे मारे गए युवक का शव लेने के लिए पाक रेंजरों ने हामी भर दी है। सीमा सुरक्षा बल के साथ शनिवार देर शाम हुई फ्लैग मीटिंग में रजामंदी के बाद शव को बाड़मेर में पुलिस सुरक्षा के बीच डी-फ्रिज में रखवाया गया है। पाक रेंजरों को शव सौंपने के लिए रविवार को सीमा सुरक्षा बल के स्तर पर प्रक्रिया आरंभ होगी।

बाखासर में बीकेडी के पास शुक्रवार देर रात पाकिस्तान की ओर से एक युवक भारत की सीमा में प्रवेश करने की फिराक में था। तारबंदी के नजदीक पहुंचे युवक को बीएसएफ के जवानों ने चेतावनी दी लेकिन वह नहीं माना। युवक लगातार बीएसएफ की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए तारबंदी के नजदीक पहुंच गया। तारबंदी क्रॉस करने की कोशिश के दौरान बीएसएफ ने घुसपैठिए को गोली मार ढेर कर दिया था।

घुसपैठिए युवक का शव पाकिस्तान को सौंपने के मसले पर शनिवार शाम बीएसएफ के डीआईजी की मौजूदगी में पाक रेंजरों के साथ फ्लैग मीटिंग हुई, जिसमें पाक रेंजरों ने माना कि उनका एक व्यक्ति लापता है। इस पर उन्होंने शव लेने की हामी भर दी। बीएसएफ के अधिकारिक सूत्रों ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि घुसपैठ करने वाले युवक का शव पुलिस सुरक्षा के बीच बाड़मेर में डी-फ्रिज में रखवाया गया है।

बाड़मेर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि बीएसएफ की सूचना पर घुसपैठ करने वाले युवक का शव शनिवार सवेरे कब्जे में ले लिया गया था जिसे बाड़मेर में ही डी-फ्रिज में रखवाया गया है। पाकिस्तान को शव सौंपने के लिए कार्रवाई पूरी होने के बाद शव बीएसएफ के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Back to top button