जानिए क्या होते हैं टेबलटॉप रनवे? भारत में कितनी जगहों पर बना है ऐसा रनवे

टेबलटॉप रनवे। यह शब्द शुक्रवार को केरल में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद कई बार सुनाई दिया। आखिर टेबलटॉप रनवे क्या है ? और भारत में ये कितनी और जगहों पर है ? आज हम आपको इसके बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
दरअसल टेबलटॉप रनवे वो रनवे होता है जो पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एयरपोर्ट पर बना हो। यह रनवे आम एयरपोर्ट के रनवे से काफी छोटे होते हैं। इन रनवे पर प्लेन उतारने वाले पायलट खास तरह से प्रशिक्षित किए जाते हैं, क्योंकि इन रनवे के दोनों तरफ या एक तरफ गहरी खाईं होती है। इस वजह से यहां हादसे की आशंका काफी ज्यादा रहती है। खासतौर पर बारिश और धुंध के मौसम में ऐसे रनवे पर दुर्घटनाओं की संभावना सबसे ज्यादा हो जाती है।
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अरविंद सिंह के मुताबिक, एएआई द्वारा संचालित चार हवाई अड्डों पर टेबल टॉप रनवे हैं। ये हवाई अड्डे हैं- कोझिकोड, मेंगलोर (कर्नाटक), शिमला (हिमाचल प्रदेश) और पाकयोंग (सिक्किम)। मिजोरम के लेंगपुई हवाई अड्डे पर भी टेबल टॉप रनवे है जिसे राज्य सरकार संचालित करती है। सरकारी एएआई 137 एयरोड्रम संचालित करती है जिसमें संयुक्त उपक्रम में सचांलित एयरोड्रम भी शामिल हैं।





