एयर इंडिया विमान हादसा : केंद्रीय मंत्री का ऐलान, मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा

कोझिकोड। केरल में शुक्रवार रात हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बाद आज नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हादसे में मरने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को एक लाख और मामूली रूप से घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इससे पहले हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि हादसे में दो पायलट सहित 18 लोगों की मौत हुई है, ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। 127 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्र है कि विमान में आग नहीं लगी।
बता दें कि दुबई से भारत आ रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच कोझिकोड एयरपोर्ट पर उतरने के दौरान हवाईपट्टी से फिसलने के बाद 35 फुट की गहरी खाई में जा गिरा और उसके दो टुकड़े हो गए।
इस विमान में 10 नवजात समेत 184 यात्री, दो पायलट और चालक दल के चार सदस्य थे। जानकारी के मुताबिक, 19 में से 18 शवों की पहचान कर ली गयी है वहीं एक शव की पहचान अभी बाकी है। सभी शवों का पोस्टमार्टम कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही होगा।





