पिकअप से कुचलकर मासूम की दर्दनाक मौत, चालक वाहन समेत फरार

बहराइच। ननिहाल से अपने मां के साथ घर लौटते समय कटाई घाट मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को कुचल दिया। मौके पर ही मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रामगाँव थाना अंतर्गत ग्राम खजुरिया निवासी गोपाल सोनकर की ससुराल उस्मानपुर गांव में है। रक्षाबंधन के अवसर पर गोपाल की पत्नी अपने आठ वर्षीय पुत्र पिंटू सोनकर के साथ मायके उस्मानपुर गई हुई थी। शनिवार दोपहर में मां बेटे वापस घर लौट रहे थे। दोपहर 12:30 बजे के आसपास जब मां बेटे बंजरिया मोड़ के पास पहुंचे तभी बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। मां उछलकर दूर जा गिरी, लेकिन मासूम पिंटू की मौके पर ही पिकअप से कुचलकर मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना पाकर थाना अध्यक्ष अभय सिंह दल बल के साथ मौके पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मासूम के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। चालक वाहन समेत फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।





