जयरामपुर पुल के पास मिली तीन प्राचीन मूर्तियां

सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में पुल के पास तीन प्राचीन मूर्तियां मिली है। यह मूर्तियां राम, लक्ष्मण और सीता जी की बताई जा रही है और लोग मूर्तियों को अष्टधातु होने का अनुमान लगा रहे है। मूर्तियां कहां से आई और कौन रख गया इसकी जानकारी नही हो सकी है।
कमलापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर पुल के पास सुबह दौड़ के लिए जा रहे लड़को ने सड़क के किनारे तीन मूर्तियों को देखा। यह मूर्तियां राम, लक्ष्मण और सीता जी की बताई जा रही हैं। लड़कों ने मूर्तियों के पड़े होने की सूचना ग्राम प्रधान सुरेन्द्र कुमार को दी। प्रधान की सूचना पर पहुंची कमलापुर की पुलिस ने मूर्तियों को कब्जे में ले लिया है।
सीओ सिधौली अंकित कुमार ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि मूर्तियां किस धातु की हैं। मूर्तियां मिलने की सूचना मेरे द्वारा कन्ट्रोल रूम को देकर जनपद के सभी थानों में सर्कुलेट करा दी गयी है।





