पूरे नोएडा में धारा 144 लागू, शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का है दौरा

नोएडा। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा जा रहे हैं। सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने पूरे नोएड़ा में धारा 144 लागू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी यहां सेक्टर 39 में कोविड-19 अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।
बता दें कि, अस्पताल का निर्माण नोएडा प्राधिकरण की ओर से किया गया है, जबकि कोविड की सभी सुविधाएं टाटा समूह व बिलगेट फाउंडेशन की प्रदान की गई है। अस्पताल कोविड की सभी सुविधाओं से लैस होगा।
इस अस्पताल में करीब 100 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी को दिक्कत नहीं आए। यह जिले का सबसे बड़ा कोविड अस्पताल होगा। वर्तमान में चाइल्ड पीजीआइ में 50, ग्रेनो राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में 150 बेड की सुविधा है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए नोएडा में लोगों को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। एडीसीपी नोएडा रणविजय सिंह ने बताया कि ड्रोन चलाने पर रोक लगाने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात 15 गजटेड अधिकारियों और 700 पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा।





