सुल्तानपुर : कोरोना टेस्टिंग कैंप पर बच्चों की भीड़ देख भड़कीं डीएम, लगायी फटकार

सुल्तानपुर। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 900 के पार पहुंच चुका है। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने जगह-जगह जांच कैम्प लगाया है। दोपहर डीएम सी.इन्दुमती निरीक्षण के लिए निकली तो शहर के राहुल चैराहा के पास लगे कैम्प में बच्चों की भीड़ देखी। जिसके बाद उनका गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने कैम्प संचालक को जमकर लताड़ लगायी और वाकया न दोहराने की चेतावनी दी। कहा कि यहां नेतागिरी कर रहे हो, यहां नेतागिरी नहीं चलेगी। संवेदनशील बनें, बच्चों को कोरोना से सबसे ज्यादा खतरा है। उन्होंने दोपहर 2 बजे तक 100 फीसदी लक्ष्य पूरा कर रिपोर्ट देने का अल्टीमेटम दिया।

जांच के बाद मकानों पर होगी पेंटिग

डीएम सी.इन्दुमती ने बताया कि घर-घर जाकर जांच टीम कोरोना संक्रमण की जांच करेगी। डोर-टू-डोर जांच कर रही स्वास्थ्य टीम के सहयोग के लिए राजस्व विभाग के 14 लेखपाल-संग्रह अमीन तथा निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। जांच टीम स्वयं कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करेगी। जिन मकानों की जांच संपन्न हो जाएगी, उस मकान के गेट पर जांच होने की पेंटिंग की जाएगी। जांच से इनकार करने वाले लोगों को समझाया जाएगा। आवश्यकतानुसार पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। कोशिश होगी कि हर व्यक्ति जांच से होकर गुजरे, जिससे संक्रमण को रोका जा सके।

Back to top button