मैनपुरी : शांति व्यवस्था का डीएम ने लिया जायजा, पुलिस कर्मियों को दिए निर्देश

मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंन्द्र बहादुर सिंह ने बुधवार को प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर राम जन्मभूमि मन्दिर अयोध्या में भूमि पूजन कार्यक्रम के दृष्टिगत शांति व्यवस्था एवं कोरोना प्रोटोकोल नियमों के पालन की हकीकत जानी। उन्होंने भ्रमण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे निरन्तर भ्रमणशील रह कर शान्ति व्यवस्था रखें एवं लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करायें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाये। शांति व्यवस्था हेतु शहर के प्रमुख चैराहों पर प्रर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहा। अपर जिला मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक, सम्बन्धित उप जिला मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी निरन्तर भ्रमणशील रहे।
शहर का भ्रमण करते डीएम महेंद्र बहादुर सिंहडीएम ने कहा कि सभी लोग कोरोना संक्रमण से बचने, संक्रमण पर नियन्त्रण पाने के लिए निर्धारित नियमों, कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन करें। किसी भी दशा में बिना मास्क लगाये घरों से बाहर न निकलें। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सभी को सावधानी बरतनी होगी। दुकान को समय-समय पर हाईड्रो क्लोरिक एसिड के घोल से सैनिटाइज करना होगा। दुकान पर हैंड सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। स्वंय के साथ-साथ आने वाले ग्राहकों के हाथों को सैनिटाइजर से विसंक्रमित कराने होगें ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।
ईसन नदी का बढ़ा जलस्तर, डीएम ने किया निरीक्षण
मैनपुरी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को नुमाइश पडंाल के चेकडैम, देवी रोड पुल एवं जिला कारागार के निकट करबला पुल पर ईसन नदी का जायजा लिया। नुमाइश पंडाल के चेकडैम पर जल का स्तर 08-10 फीट पाया गया। देवी रोड पुल एवं करबला पुल पर कल की अपेक्षा जलस्तर बढ़ा पाया। उन्होने कहा कि पानी की गति और पानी का स्तर बढ़ा है। नदी का काला, गंदा पानी जमा था वह अब धीरे-धीरे साफ होता दिख रहा है। आने वाले कुछ ही दिनों में शहर में ईसन नदी का साफ पानी जनपद के लोगों को उपलब्ध होगा।
ईसन नदी का निरीक्षण करते डीएमडीएम ने कहा कि नदी में एकत्र गंदा पानी भूमि में नीचे जा रहा था जो पीने योग्य पानी को प्रदूषित एवं नदी में दलदल पैदा कर रहा था। अब नदी में पानी के जलस्तर में वृद्वि एवं पानी के बहाव में तेजी होने से गंदा पानी बहकर निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी में तमाम क्षेत्रों में आठ फुट से अधिक पानी है। लोग नदी में न जाएं,। अपने जानवरों को भी पानी में न जाने दें। इसके लिए लोगों को पूर्व में जागरूक किया गया जा चुका है। जहां-जहां चेकडैम बने हैं वहां चेतावनी के बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नदी के किनारे कोई खुले में शौच न करें। नदी को पुराने स्वरूप में लाने के लिए प्रशासन ने दिन-रात मेहनत की है। कई लोगों ने नदी की सफाई में श्रमदान किया है।
धारा 144 लागू
मैनपुरी। अपर जिला मजिस्ट्ेट बी.राम ने बताया कि माह अगस्त में बी एड प्रवेश परीक्षा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, स्वतंन्त्रता दिवस एवं मोहर्रम त्योहार मनाया जाना प्रस्तावित है। कोरोना महामारी घोषित होने, उक्त पर्व एवं जयन्तियों के आयोजन के दौरान असामाजिक एवं अराजक तत्वों के साथ-साथ कतिपय संगठन अपने निहित स्वार्थों की पूर्ति करने के लिए विभिन्न जातियों, सम्प्रदायों, वर्गों एवं जन सामान्य के मध्य वैमनस्य, द्वेष व दुर्भावना का वातावरण उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं। जनशान्ति, जनसुरक्षा को बनाये रखने हेतु 31 अगस्त की रात्रि तक धारा 144 लागू की जाती है।
धर्मवीर प्रजापति आज जिले में
मैनपुरी। अध्यक्ष उ.प्र. माटीकलां बोर्ड धर्मवीर प्रजापति आज छह अगस्त को जनपद भ्रमण पर आ रहे हैं। वह पूर्वाह्न 11 बजे खरपरी में राम बहादुर के परिवार से भेंट करेंगे। 12 बजे जनपद से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे।
लापता युवक का नहीं लगा सुराग
कुरावली। आठ दिन पूर्व घर से बाजार के लिये निकले युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों द्वारा लगातार युवक की तलाश की जा रही है। वहीं पीड़ित परिजनों ने मामले की तहरीर कुरावली पुलिस को दी है।
ग्राम सिरसा निवासी विनोद कुमार कठेरिया ने थाने पर दी तहरीर में बताया कि उसको 29 वर्षीय भतीजा मुनेन्द्र कुमार पुत्र प्रमोद कुमार 27 जुलाई को घर से बाजार जाने की कह कर निकला था। जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा है। परिजनों ने रिश्तेदारी व आसपास तलाश किया लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं लग सका है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सर्पदंश से युवक की मौत
कुरावली। जहां एक तरफ सरकार घर घर शौचालय बनवाने के लिये करोड़ों रुपया खर्च कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ गरीब तबकें को शौचालय मुहैया नहीं हो पा रहे हैं। जिसके कारण खुले में शौच करने करने गये एक मजदूर की सर्पदंश से मौत हो गई।
बताते हैं कि कस्बा के मोहल्ला सराय निवासी 40 वर्षीय सकील पुत्र अलीशेर मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रहा था। घर में शौचालय न होने के कारण वह बिजली घर के पीछे खेत में शौच क्रिया के लिये गया था तभी झाड़ियों में से निकले सर्प ने उसको डंस लिया। जानकारी होते ही परिजन युवक को कुरावली सीएचसी ले गये। जहां से उसको जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही युवक ने दम तोड़ दिया।
छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की मनाई जयंती
मैनपुरी। आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर समाजवादी पुरोधा एवं चिन्तक छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाई गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्त्वि एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
जनेश्वर मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण करते डा.दीप सिंह पालजिलाध्यक्ष डा. दीप सिंह पाल ने कहा कि पांच अगस्त 1933 को छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र का जन्म बलिया में हुआ था। उन्होंने जीवन पर्यंत दबे, कुचले, शोषितों के लिए कार्य किया। सपा उनके आदर्शाें पर चलकर प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य कर रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री तोताराम यादव, जिला महासचिव सुखवीर सिंह यादव, जिला सचिव हरवीर सिंह प्रजापति, देवेन्द्र सिंह यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष ज्योति मैसी, रेनू कटारिया सुमन दिवाकर राजू चैधरी, महेश यादव, विजय कठेरिया, जीतपाल सिंह, निर्दोश उर्फ लला, विपिन कुमार, शीलू, राजीव कुशवाह आदि मौजूद थे।





