मलिहाबाद : छेड़छाड़ के विरोध में दो पक्षों में जमकर चले लाठी- डंडे, 6 लोग घायल

मलिहाबाद। इलाके के एक गांव में किशोरी ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो दबंगों ने किशोरी को धमकाना शुरू कर दिया। परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

इलाके के एक गांव में सोमवार दोपहर किशोरी अपने गांव में बने हाते में भैंसों को पानी पिलाने गई थी। आरोप है कि गांव के ही अरमान और मोहसिन पीछे से पहुंच गए और किशोरी से अश्लील बातें करने लगे। जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसे मारपीट की धमकी देते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी ने किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंच कर पूरी बात अपने पिता से बताई।

भाई व पिता  बेटी को लेकर अरमान के घर शिकायत करने पहुंचे। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ ही देर में दोनों पक्षों से दर्जनों लोग इकट्ठा हो गए और करीब आधा घंटा तक जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के राजू ,नरेंद्र ,शिवकुमार, शाकिर, शकील, अमीर घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने बवाल की सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुंचे इस्पेक्टर मलिहाबाद सियाराम वर्मा, सीओ नईम उल हसन, चौकी प्रभारी द्वारिका प्रसाद प्रजापति ने मोर्चा संभाला तो मारपीट कर रहे आरोपी मौके से भाग निकले, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस समय पर मौके पर ना पहुंचती तो बहुत बड़ा बवाल हो जाता। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सियाराम वर्मा ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जबकि आरोपी पक्ष ने भी मारपीट में घायल होने की तहरीर थाने पर दी है।

 सीओ नईम उल हसन ने बताया कि  छेड़छाड़ व मारपीट के पांच आरोपियों अरमान, अमीर, साबिर, मोहसीन, एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button